एंटरटेनमेंट डेस्क: देओल परिवार इन दिनों अपने प्रिय सदस्य धर्मेंद्र की सेहत को लेकर चिंता में है। आपको बता दें कि मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र को 10 नवंबर को सांस लेने में तकलीफ के कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके इलाज के दौरान कई फिल्मी सितारे उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे। लेकिन इस बीच 11 नवंबर को सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र की मौत की झूठी खबर फैल गई, जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।
इस झूठी खबर के बाद परिवार ने मीडिया की गैर-जिम्मेदाराना हरकतों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। पहले ईशा देओल और हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने संदेश में इस व्यवहार की निंदा की। अब सनी देओल भी नाराज हो उठे हैं।
घर के बाहर खड़े पैपराजी पर भड़के सनी देओल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि सनी अपने घर के बाहर खड़े पैपराजी पर गुस्सा जताते हैं। उन्होंने कहा, “आपके घर में मां-बाप हैं, बच्चे हैं… बेवकूफों की तरह वीडियो भेजे जा रहे हो। शर्म नहीं आती?” सनी ने स्पष्ट किया कि मीडिया को ऐसे समय में परिवार की निजता का सम्मान करना चाहिए, खासकर जब परिवार मुश्किल दौर से गुजर रहा हो। उनके इस रुख को फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स ने समर्थन दिया।
धर्मेंद्र की तबीयत अब सुधर रही है
धर्मेंद्र की तबीयत अब सुधर रही है। अस्पताल में कुछ दिन इलाज के बाद उन्हें 12 नवंबर की सुबह छुट्टी दे दी गई। वे अब घर पर आराम कर रहे हैं। उनके हालचाल जानने के लिए बॉलीवुड के बड़े सितारे जैसे शाहरुख खान, सलमान खान, आमिर खान और गोविंदा अस्पताल पहुंचे। परिवार ने भी बयान जारी कर कहा कि धर्मेंद्र स्थिर हैं और धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं, साथ ही मीडिया से अनुरोध किया कि वे परिवार की प्राइवसी का सम्मान करें।
ईशा देओल ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि झूठी खबरें फैलाई जा रही हैं, जबकि उनके पिता स्थिर हैं और ठीक हो रहे हैं। हेमा मालिनी ने भी कहा कि इलाज के दौरान झूठी खबरें फैलाना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है और उन्होंने मीडिया से परिवार की निजता बनाए रखने का आग्रह किया।



