T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार फॉर्म में दिख रही भारतीय टीम अब ग्रुप स्टेज का अपना आखिरी मुकाबला नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलने जा रही है। सुपर-8 में जगह पक्की कर चुकी टीम इस मैच में कुछ बदलाव के साथ मैदान में उतर सकती है। टीम प्रबंधन इस अवसर का इस्तेमाल बेंच स्ट्रेंथ टेस्ट करने के लिए करना चाह रहा है।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अभ्यास के दौरान खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया। खासतौर पर युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा नेट्स में लंबे समय तक अभ्यास करते नजर आए। शुरुआती मैचों में उनका बल्ला शांत रहा था, लेकिन अब उनसे इस मुकाबले में बड़ी पारी की उम्मीद जताई जा रही है।
कुलदीप और हार्दिक को आराम, तेज़ गेंदबाजों को मौका
सूत्रों के मुताबिक, इस मैच में स्पिनर कुलदीप यादव और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को आराम दिया जा सकता है। उनकी जगह तेज़ गेंदबाज अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज को मौका मिल सकता है। इससे टीम का गेंदबाजी आक्रमण और मजबूत बनेगा। वहीं, मुख्य तेज़ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की उपस्थिति टीम के लिए संतुलन बनाए रखेगी।
बल्लेबाजों की तैयारी
अभ्यास सत्र में तिलक वर्मा और रिंकु सिंह जैसे युवा बल्लेबाज स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ खास तैयारी करते दिखे। टीम मैनेजमेंट का लक्ष्य है कि मिडिल ऑर्डर किसी भी स्थिति में रन बनाने के लिए तैयार रहे।
टीम इंडिया इस मैच को जीतकर सुपर-8 में आत्मविश्वास के साथ प्रवेश करना चाहती है। वहीं, युवा खिलाड़ियों के लिए यह खुद को साबित करने का एक बेहतरीन मौका भी होगा। अगर ये बदलाव होते हैं, तो नीदरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया नई रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी।
संभावित प्लेइंग XI
अभिषेक शर्मा, इशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, रिंकु सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती



