पंजाब डेस्क: पंजाब के तरनतारन विधानसभा क्षेत्र में हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं, और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इस सीट पर कब्ज़ा जमा लिया है। बता दें कि मतगणना के सभी राउंड पूरे होने के बाद संधू ने बड़ी बढ़त के साथ बाजी मार ली। यह जीत न सिर्फ AAP के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि क्षेत्रीय राजनीति में भी इसका खास असर देखने को मिलेगा।
अंतिम 16वें राउंड तक आते-आते AAP उम्मीदवार ने 42,649 वोटों के साथ निर्णायक बढ़त बना ली थी। दूसरे स्थान पर रही शिरोमणि अकाली दल की उम्मीदवार सुखविंदर कौर रंधावा को 30,558 वोट मिले, जबकि तीसरे स्थान पर ‘वारिस पंजाब दे’ की ओर से चुनाव लड़ रहे मंदीप सिंह को 19,620 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी करणबीर सिंह बुर्ज को 15,078 वोटों से संतोष करना पड़ा। वहीं भाजपा उम्मीदवार हरजीत सिंह संधू को 6,239 वोट मिले और वे पांचवें स्थान पर रहे।
15वें राउंड तक भी AAP की बढ़त साफ दिखाई दे रही थी, जिसके बाद अंत तक मुकाबले की दिशा लगभग तय हो चुकी थी। शुरुआती राउंड से ही हरमीत सिंह संधू लगातार आगे रहे और मतदाताओं की पसंद के रूप में यह बढ़त अंत तक कायम रही।
मुकाबले में कौन-कौन थे उम्मीदवार?
तरनतारन की इस सीट पर इस बार पांच प्रमुख उम्मीदवार मैदान में थे—
AAP: हरमीत सिंह संधू
कांग्रेस: करणबीर सिंह बुर्ज
BJP: हरजीत सिंह संधू
शिअद (अकाली दल): सुखविंदर कौर रंधावा
वारिस पंजाब दे (आजाद): मनदीप सिंह
इन पाँचों प्रत्याशियों के बीच मुकाबला दिलचस्प रहा, लेकिन AAP ने शुरू से ही अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखी।
क्यों हुआ यह उपचुनाव?
तरनतारन विधानसभा सीट पर उपचुनाव इसलिए कराया गया, क्योंकि क्षेत्र के मौजूदा विधायक डॉ. कश्मीर सिंह का कुछ समय पहले निधन हो गया था। उनके निधन के बाद सीट खाली हो गई, जिसके चलते निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव कराने का निर्णय लिया। इस उपचुनाव को सभी दलों ने गंभीरता से लिया, क्योंकि तरनतारन जिला हमेशा से पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है।



