U19 World Cup: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. पूरे टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने गेंद और बल्ले से विपक्षी टीमों पर दबदबा बनाया है. लेकिन इस बेहतरीन सफर के बीच एक नाम ऐसा है, जिससे फैंस अब भी बड़ी और मैच जिताऊ पारी की उम्मीद लगाए बैठे हैं वैभव सूर्यवंशी.
अब अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला उनके लिए सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि खुद को साबित करने और रिकॉर्ड बुक में ऊपर पहुंचने का सुनहरा अवसर है.
टूर्नामेंट में शुरुआत अच्छी, लेकिन बड़ी पारी का इंतजार
वैभव सूर्यवंशी को युवा क्रिकेट का सबसे विस्फोटक बल्लेबाज माना जाता है. इस विश्व कप में उन्होंने कई बार तेज शुरुआत की, लेकिन अब तक कोई ऐसी पारी नहीं आई, जिसे यादगार कहा जा सके. उन्होंने करीब 200 रन जरूर बनाए हैं, लेकिन उनकी प्रतिभा और उम्मीदों के मुकाबले यह आंकड़ा साधारण माना जा रहा है. सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में उनके पास आलोचकों को जवाब देने का बेहतरीन मौका होगा.
नंबर-1 रन स्कोरर बनने से सिर्फ एक पारी दूर
अंडर-19 वनडे क्रिकेट में मौजूदा खिलाड़ियों के बीच सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में वैभव इस समय दूसरे स्थान पर हैं. उनसे आगे सिर्फ बांग्लादेश के अजीजुल हकीम हैं, जिनकी टीम पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है. हकीम के नाम 37 मैचों में 1261 रन दर्ज हैं.
वैभव सूर्यवंशी अब तक 23 मैचों में 1169 रन बना चुके हैं और उनका औसत 50 से ज्यादा का है. अगर सेमीफाइनल में वह 90-100 रन के आसपास की पारी खेलते हैं, तो वह इस लिस्ट में टॉप पर पहुंच सकते हैं.
बाबर आजम का रिकॉर्ड भी खतरे में
इतना ही नहीं, पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम का अंडर-19 वनडे रिकॉर्ड भी वैभव की पहुंच में है. बाबर ने इस फॉर्मेट में कुल 1271 रन बनाए थे. वैभव अगर सेमीफाइनल में शतक जड़ते हैं, तो वह इस आंकड़े को भी पीछे छोड़ सकते हैं, जो किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी.
स्ट्राइक रेट है सबसे बड़ी ताकत
भले ही रन अभी उम्मीद के अनुसार नहीं आए हों, लेकिन वैभव सूर्यवंशी का स्ट्राइक रेट उन्हें खास बनाता है. अंडर-19 वनडे में उनका स्ट्राइक रेट 150 से ज्यादा है, जो इस उम्र के क्रिकेट में बेहद दुर्लभ है. अगर वह क्रीज पर टिक गए, तो कुछ ही ओवरों में मैच का पासा पलटने की क्षमता रखते हैं.
सेमीफाइनल में करियर का निर्णायक मोड़
अफगानिस्तान की टीम अपने मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के लिए जानी जाती है और मुकाबला आसान नहीं होगा. लेकिन अगर वैभव सूर्यवंशी दबाव में खुद को संभालते हुए बड़ी पारी खेलते हैं, तो भारत के लिए फाइनल का रास्ता काफी आसान हो सकता है. यह मैच न सिर्फ टीम इंडिया, बल्कि वैभव के क्रिकेट करियर के लिए भी निर्णायक साबित हो सकता है.



