Weather Update : अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाओं के कारण अगले तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में भारी बारिश हो सकती है। यह बारिश कई जगहों पर आफत जैसी स्थिति भी ला सकती है। आइये जानते हैं इस खबर को विस्तार से…
किन राज्यों में ज्यादा बारिश?
भारत मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले 2-3 दिनों तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और राजस्थान में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
इस दौरान बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून की स्थिति अभी कमजोर बनी हुई है। मतलब इन इलाकों में ज्यादा बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 2-3 दिनों के बाद मानसून थोड़ा उत्तर की ओर बढ़ेगा। इसके बाद बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश की गतिविधियाँ बढ़ सकती हैं।
झारखंड और ओडिशा में बारिश जारी
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण अभी झारखंड और ओडिशा में बारिश हो रही है। लेकिन मंगलवार तक इन राज्यों में बारिश थोड़ी कम हो सकती है।
मध्य भारत में नया बारिश का क्षेत्र
इस समय मध्य भारत में एक नया क्षेत्र बन गया है, जिसमें तेज बारिश हो सकती है। इसमें खासतौर पर मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और गुजरात के इलाके शामिल हैं।