Womens World Cup 2025 : महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के 13वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 3 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। बता दें कि इस रोमांचक मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 331 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा कर रिकॉर्ड जीत दर्ज की। यह महिला वनडे क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज साबित हुआ।
बता दें कि मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.5 ओवर में 330 रन बनाए। टीम की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने पहले विकेट के लिए 155 रन की मजबूत साझेदारी की। मंधाना ने 66 गेंदों में 80 रन बनाए, जबकि प्रतिका रावल ने 96 गेंदों पर 75 रन की पारी खेली। हालांकि, मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाए। हरमनप्रीत कौर ने 22, जेमिमा रोड्रिग्ज ने 33 और ऋचा घोष ने 32 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एनाबेल सदरलैंड सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने 5 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम की शुरुआत दमदार रही। कप्तान एलिसा हीली ने शानदार शतक लगाकर टीम को जीत की राह पर अग्रसर किया। हीली ने 107 गेंदों में 142 रन की पारी खेली, जिसमें 17 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनके साथ एश्ले गार्डनर ने 45 रन का अहम योगदान दिया, जबकि एलिस पेरी 47 रन बनाकर नाबाद रहीं।
भारत की ओर से श्री चरनी ने 3 विकेट झटके, जबकि दीप्ति शर्मा और अमनजोत कौर को 2-2 विकेट मिले। हालांकि, भारतीय गेंदबाज निर्णायक समय पर विकेट निकालने में असफल रहे। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने न केवल टूर्नामेंट में शीर्ष स्थान मजबूत किया बल्कि महिला क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़े रन चेज का नया रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। यह भारत की वर्ल्ड कप में दूसरी हार रही।



