Year Ender 2025: टेक्नोलॉजी की दुनिया में हर साल कुछ न कुछ नया देखने को मिलता है और 2025 भी इससे अलग नहीं रहा। आपको बता दें कि इस साल कई ऐसे गैजेट्स लॉन्च हुए, जिन्होंने अपने अनोखे डिजाइन और काम करने के तरीके से लोगों का ध्यान खींचा। कुछ प्रोडक्ट्स रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाने के लिए हैं, तो कुछ खास जरूरतों और एक्सपीरियंस को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं। आइए नजर डालते हैं 2025 में लॉन्च हुए कुछ सबसे अलग और दिलचस्प गैजेट्स पर…
डिस्प्ले के साथ आए स्मार्ट ग्लासेस
मेटा ने इस साल रे-बैन के साथ मिलकर Ray-Ban Meta Gen 2 स्मार्ट ग्लासेस पेश किए। इन स्मार्ट चश्मों के एक लेंस में छोटा सा डिस्प्ले दिया गया है, जिससे यूजर्स को नेविगेशन, ट्रांसलेशन जैसी सुविधाएं मिलती हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लैस ये ग्लासेस तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं और यही वजह है कि गूगल और एप्पल जैसी बड़ी कंपनियां भी इस सेगमेंट में एंट्री की तैयारी कर रही हैं।
जरूरत के हिसाब से बढ़ने वाला लैपटॉप डिस्प्ले
लेनोवो ने 2025 में एक ऐसा लैपटॉप पेश किया, जिसका डिस्प्ले रोल होकर बड़ा हो सकता है। पहली नजर में यह 14 इंच स्क्रीन वाले आम लैपटॉप जैसा दिखता है, लेकिन काम के दौरान जरूरत पड़ने पर इसकी स्क्रीन को ऊपर की ओर बढ़ाया जा सकता है। डिस्प्ले एक्सटेंड होने पर स्क्रीन साइज करीब 16.7 इंच तक पहुंच जाती है, जो मल्टीटास्किंग के लिए काफी मददगार है।
टेक्सचर प्रिंट करने वाला खास प्रिंटर
चीन की कंपनी eufyMake ने इस साल एक अनोखा प्रिंटर लॉन्च किया, जो सिर्फ प्रिंट ही नहीं करता बल्कि उस पर टेक्सचर भी जोड़ सकता है। यह प्रिंटर प्लास्टिक, मेटल, कांच समेत 300 से ज्यादा तरह के मैटेरियल पर काम कर सकता है। खास बात यह है कि इसे कंप्यूटर के जरिए आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है।
बैग पर लगने वाला छोटा रोबोट
जापान की YuKai Engineering ने Mirumi नाम का एक छोटा सा क्लिप-ऑन रोबोट पेश किया। इसे हैंडबैग या बैकपैक पर लगाया जा सकता है। यह रोबोट टच और आवाज पर अलग-अलग मूवमेंट और एक्सप्रेशन के जरिए प्रतिक्रिया देता है। सोशल मीडिया पर इसे लोग काफी प्यारा बता रहे हैं। यह गैजेट किसी काम से ज्यादा साथ देने और खुशी देने वाला प्रोडक्ट माना जा रहा है।



