Young captain Vaibhav Suryavanshi: भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे यूथ वनडे में ऐसा तूफान खड़ा किया, जिसने विरोधी गेंदबाजों को पूरी तरह बेबस कर दिया। शानदार फॉर्म में चल रहे वैभव ने महज 63 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया और एक बार फिर साबित कर दिया कि वह भविष्य के बड़े सितारे हैं।
इस विस्फोटक पारी के दौरान वैभव ने मैदान के चारों ओर शॉट्स खेले। शतक तक पहुंचने में उन्होंने 8 छक्के और 6 चौके लगाए। खास बात यह रही कि वह इस सीरीज में न सिर्फ रन बना रहे हैं, बल्कि टीम की कमान भी बखूबी संभाल रहे हैं। इससे पहले खेले गए दूसरे यूथ वनडे में भी उनके बल्ले से अर्धशतक निकला था।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अंडर-19 यूथ ODI सीरीज की शुरुआत 3 जनवरी को हुई थी। 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में भारतीय टीम ने शुरुआती दोनों मुकाबलों में जीत हासिल की। तीसरे मैच में वैभव ने ओपनिंग पार्टनर आरोन जॉर्ज के साथ मिलकर 227 रनों की विशाल साझेदारी की, जिसने मैच की दिशा पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दी।
तेज शुरुआत, फिर रनों की बरसात
वैभव ने पारी के पहले ही ओवरों से आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद भी उनका हमला जारी रहा और अगले 50 रन बनाने में उन्होंने 39 गेंदों का सहारा लिया। यह उनके लिस्ट-A करियर का दूसरा शतक रहा, जो महज 9 मैचों में आया है।
तीसरे यूथ ODI में वैभव सूर्यवंशी 74 गेंदों पर 127 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 9 चौके और 19 छक्के शामिल थे। इससे पहले वह अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ 171 रनों की यादगार पारी खेलकर सुर्खियों में आए थे, जो उनके लिस्ट-A करियर का पहला शतक था।
हर टूर्नामेंट में दिखा बल्ले का जलवा
वैभव सूर्यवंशी ने घरेलू क्रिकेट में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार की ओर से खेलते हुए उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 84 गेंदों में 190 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी। इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी उनके बल्ले से तूफानी शतक देखने को मिला था।



